फायर सेफ्टी पर कला प्रतियोगिता का आयोजन किया

रावतभाटा(शिव सिंह चौहान)। परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय नं. 2 रावतभाटा में शुक्रवार को अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय में फायर सेफ्टी पर कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का विषय था -“राष्ट्र निर्माण में अग्नि सुरक्षा योगदान सुनिश्चित करना है“ जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को कागज़ पर उकेरा और उनमें रंग भरे। इस अवसर पर फायर सेफ्टी दल यानि अग्निशामक दल ने विद्यालय परिसर में अग्निशामक यंत्रों का प्रदर्शन किया और उनको इस्तेमाल करने के तरीकों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। अग्निशामको के बलिदान और बहादुरी के कारण लोग और पर्यावरण दोनों ही सुरक्षित रहते हैं। यह अपनी जान की परवाह किए बिना धधकती आग में कूदकर लोगों की ज़िंदगियाँ और उनके आशियानों को बचाते हैं। इसके लिए इनकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम हैं। एस वी रेड्डी डिप्टी कमांडेंट फायर ने बच्चों को बताया कि यदि विद्यालय परिसर में या किसी भी रिहायशी इमारत या सरकारी संस्था में आग से किसी भी तरह की आपदा हो जाए तो उस समय वहाँ पर उपस्थित लोगों को बिना घबराए किस तरह का व्यवहार करना चाहिए, उस आपदा में फँसे लोगों को किस तरह से प्राथमिक चिकित्सा दी जाए। पानी, ब्व2, मैकेनिकल फोम या झाग और सूखे रसायन पाउडर द्वारा किसी भी तरह की आग को कैसे बुझाया जाए। इस की विस्तृत जानकारी फायर इंस्पेक्टर रितेश घोष ने दी। फायर इंस्पेक्टर श्रीहरि कुमार ए.एस.आई फायर ऋषि राज, मनोज कुजर, हेमंत हंडीक्यू, के.साई बाबू और अनिल एम.आर.एस राजपूत कॉलोनी सेफ्टी एनपीसीआईएल और उनकी टीम ने बच्चों को तथा वहाँ उपस्थित सभी शिक्षकों और विद्यालय के अन्य कर्मचारी गणों को अग्निशामक यंत्रों की विस्तार पूर्वक जानकारी देने के साथ-साथ उनके उपयोग करने के तरीके भी अच्छे ढंग से सिखाएं। बच्चों ने खुद से इन यंत्रों को बारी-बारी से चलाकर भी देखा बीच-बीच में इसी से संबंधित प्रश्न भी बच्चों से पूछे गए। जिनके बच्चों ने बड़े उत्साह से उत्तर दिए। सही उत्तर देने वाले 20 बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य लोकेश जोशी ने फायर सेफ्टी दल का आभार व्यक्त किया और उनको धन्यवाद दिया कि उन्होंने बहुत ही अच्छे तरीके से बच्चों को अग्निशामक यंत्रों पर जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से इस जानकारी को अपने घर और जीवन में अपनाने के लिए भी कहा। इस अवसर पर महेंद्र सिंह ढाका और सुखदीप पंत समेत सभी शिक्षक गण तथा कर्मचारी गण उपस्थित थे।